वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 10वीं बार शपथ ग्रहण पर दी बधाई
भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में दर्ज हुई अद्वितीय उपलब्धि
-वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 10वीं बार शपथ ग्रहण पर दी बधाई
-भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में दर्ज हुई अद्वितीय उपलब्धि
पटना।दीपक कुमार तिवारी।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन ने बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई दी है। संस्था ने औपचारिक पत्र भेजकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि को “भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में असाधारण और अद्वितीय” बताया है।
संस्था ने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्ष 1947 से 2025 तक देश में अब तक कोई भी जनप्रतिनिधि दस बार मुख्यमंत्री पद की शपथ नहीं ले सका है। ऐसे में श्री नीतीश कुमार का यह रिकॉर्ड पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अनुसार, इतनी बार राज्य की जिम्मेदारी संभालना न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भारत के संवैधानिक और लोकतांत्रिक ढांचे में एक ऐतिहासिक क्षण भी है।

पत्र में आगे कहा गया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का यह उपलब्धि उनके अटूट समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व और बिहार की जनता के विश्वास का प्रतीक है। शासन, विकास, सामाजिक न्याय और प्रशासनिक स्थिरता के प्रति उनके निरंतर प्रयत्नों ने उन्हें एक विशिष्ट पहचान दिलाई है, जो लाखों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने यह भी सूचित किया है कि इस अनुकरणीय उपलब्धि के सम्मान में श्री नीतीश कुमार का नाम वैश्विक रिकॉर्ड सूची में दर्ज किया जाएगा तथा उन्हें आधिकारिक प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। संस्था ने इस क्षण को अपने लिए भी गौरवपूर्ण बताया है।
उल्लेखनीय है कि वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन विश्व भर में असाधारण उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत, उल्लेखनीय योगदान और ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स को मान्यता देने वाली अग्रणी अंतरराष्ट्रीय संस्था है।



