-लोमा पंचायत के दास टोला में अग्नि पीड़ितों से मिले पूर्व विधायक निरंजन राय, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
गायघाट (दीपक कुमार)।
गायघाट प्रखंड के लोमा पंचायत अंतर्गत जाया गांव के दास टोला में बीते दिनों शॉर्ट सर्किट से हुई भीषण अग्निकांड की घटना के बाद पूर्व विधायक निरंजन राय ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
बताया गया कि इस अग्निकांड में करीब 10 परिवारों के घर जलकर पूरी तरह राख हो गए, जिससे पीड़ित परिवारों का सारा सामान नष्ट हो गया। वर्तमान में कई परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवारों को समुचित सरकारी सहायता नहीं मिल पाई है। न तो सामुदायिक किचन की व्यवस्था की गई और न ही अब तक मुआवजा राशि उपलब्ध कराई गई है, जो चिंता का विषय है।

उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और अंचल अधिकारी से बात कर जल्द से जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत मिल सके।
इस मौके पर पैक्स अध्यक्ष मुकेश कुमार पिंटू, पूर्व जिला पार्षद फूलबाबू राय, राजद के वरिष्ठ नेता विनोद कुमार यादव, परमानंद चौपाल, नवल कुमार दास, राम प्रवेश शर्मा, मो. समीर, गोपाल यादव, गोविंद सहनी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।











