-रेबीज रोग से बचाव के लिए विशेष रूप से बच्चों को जागरूक करने की है जरूरत : डॉ अतुल
-विश्व रेबीज दिवस पर रेबीज रोधी टीकाकरण सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
शहर के एसएनएस कॉलेज भवन, ज्ञान बाबू चौक के समीप प्रान्तीयकृत पशु चिकित्सालय परिसर में विश्व रेबीज दिवस रेबीज रोधी टीकाकरण सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए जिला पशुपालन पदाधिकारी, डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि विश्व रेबीज दिवस हर साल 28 सितम्बर को मनाया जाता है। रेबीज दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य रेबीज रोग पर नियंत्रण व उन्मूलन करना है और रेबीज रोग से होने वाले मानव एवं पशुधन के प्राण की रक्षा,आमजनों के बीच रेबीज से बचाव के लिए जागरूकता फैलाना है। विश्व रेबीज दिवस लुई पाश्चर के सम्मान में मनाया जाता है। जिन्होंने पहला एंटी रेबीज टीका बनाया था। कार्यक्रम का संचालन करते हुए पशु शल्य चिकित्सक डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि रेबीज रोग से बचाव के लिए विशेष रूप से बच्चों को जागरूक करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बेसहारा पशुओं से अनाश्वयक संपर्क में आने से बचना चाहिए और पालतू कुत्तों के साथ-साथ बेसहारा कुत्तों का भी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि रेबीज रोग का उन्मूलन हो सके।

डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जानवर के काटने पर एंटी रेबीज वैक्सीन के लिए तुरंत चिकित्सक से परामर्श करें। चिकित्सीय परामर्श के अनुसार एंटी रेबीज की सूई लेना आवश्यक है। इस मौके पर डॉ. भनिता कुमारी,जिला नोडल पदाधिकारी (रेबीज वैक्सीन टीकाकरण) ने विस्तार से रैबीज रोधी टीकाकरण के बारे में लोगों को जानकारी दी। प्रान्तीयकृत पशु चिकित्सालय मोतिहारी सदर के पशु शल्य चिकित्सक डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव कुत्तों का रेबीज रोधी टीकाकरण कर रहे थे।डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि शाम 4.00 बजे तक लगभग 60 श्वान(कुत्ता) का टीकाकरण किया जा चूका है। उन्होंने इस मौके पर बीमार कुत्तों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाओं का भी वितरण किया। कार्यक्रम में डॉ. शशि भूषण प्रसाद, डॉ. ओम प्रकाश प्रसाद, डॉ. शंभू शरण, डॉ. अमन कुमार सिन्हा, डॉ. संजीव कुमार,डॉ. रूपेश कुमार श्रीवास्तव, डॉ. महेंद्र कुमार पासवान, राज कुमार गुप्ता, ज्ञान प्रकाश, शिवशंकर प्रसाद, जियाउल हक, मो. नईम ,श्री रमेश कुमार, श्री नरेन्द्र कुमार समेत अनेक चिकित्सक व कर्मी पशुपालक तथा श्वानप्रेमी मौजूद थे।













