-राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय में विज्ञान मेला, छात्राओं ने दिखाया नवाचार और नेतृत्व का जज्बा
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर स्थित महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय के शिक्षाशास्त्र विभाग (बी.एड.) में शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 के अवसर पर विज्ञान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “Women in Science: Catalysing Viksit Bharat” रहा, जिसमें छात्राओं ने विज्ञान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नवाचार का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अलका जायसवाल, बर्सर डॉ. अनुराधा सिंह, विभागाध्यक्ष डॉ. हरि शंकर कुमार सहित जूलॉजी एवं होम साइंस विभाग के शिक्षकगण तथा अन्य विभागों के प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मॉडल एवं पोस्टर प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनकी सराहना की और श्रेष्ठ प्रस्तुतियों का चयन किया।

विज्ञान प्रदर्शनी में मानसी ऋतु ने “Light to Leadership: Women Powering Viksit Bharat” विषय पर उत्कृष्ट परियोजना प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुरभि कुमारी ने “Science and Gender Role” विषय पर प्रभावशाली पोस्टर प्रस्तुति देकर द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं सोनाक्षी कुमारी एवं मनीषा कुमारी ने “Child to Reduce Phone Usage” विषय पर प्रेरणादायक मॉडल प्रस्तुत कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अतिरिक्त सगुन भारती, पूजा कुमारी, सोनी कुमारी, शाहीन नाज़, संध्या कुमारी एवं नाज़नीन उमर सहित अन्य छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। सम्माननीय शिक्षकगण ने छात्राओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक चेतना, नवाचार की भावना तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करना था। अंत में सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।












