–राज्यसभा की 37 सीटों पर 16 मार्च को मतदान, चुनाव आयोग ने जारी किया कार्यक्रम
नई दिल्ली। ब्यूरो। भारत निर्वाचन आयोग ने बुधवार को राज्यसभा की 37 सीटों पर होने वाले चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। इन सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान कराया जाएगा। अलग-अलग राज्यों में खाली हो रही सीटों पर चुनाव प्रक्रिया एक साथ पूरी की जाएगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होगी। 5 मार्च तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे, 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 9 मार्च नाम वापसी की अंतिम तिथि तय की गई है। 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी। 20 मार्च तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी।
किन राज्यों में कितनी सीटों पर चुनाव
इन 37 सीटों में सबसे ज्यादा 7 सीटें महाराष्ट्र की हैं।
इसके अलावा तमिलनाडु में 6, पश्चिम बंगाल और बिहार में 5-5 सीटों पर मतदान होगा।

ओडिशा में 4, असम में 3, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में 2-2 सीटों पर चुनाव होंगे।
वहीं हिमाचल प्रदेश में 1 और तेलंगाना में 2 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।
कई वरिष्ठ नेताओं का कार्यकाल समाप्त
इन राज्यों से कई दिग्गज नेताओं का कार्यकाल 2 और 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है। इनमें प्रमुख रूप से शरद पवार, रामदास अठावले, कनिमोझी, तिरुचि शिवा और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह शामिल हैं।
महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना से कई मौजूदा सांसदों का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है, जिसके बाद इन सीटों पर नए प्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा।
राजनीतिक हलचल तेज
चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित राज्यों में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। विभिन्न दलों ने संभावित उम्मीदवारों को लेकर मंथन शुरू कर दिया है। राज्यसभा चुनाव के जरिए पार्टियां अपने वरिष्ठ नेताओं और रणनीतिक चेहरों को सदन में भेजने की तैयारी में जुट गई हैं।
यह चुनाव न सिर्फ संसद के उच्च सदन की नई संरचना तय करेगा, बल्कि कई राज्यों में राजनीतिक समीकरणों को भी प्रभावित करेगा। अब सभी की निगाहें 16 मार्च को होने वाले मतदान और उसके नतीजों पर टिकी हैं।














