-राजापाकर में 551 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा, अष्टयाम यज्ञ से भक्तिमय हुआ माहौल
राजापाकर – संजय श्रीवास्तव। राजापाकर उत्तर टोला लक्ष्मी स्थान स्थित काली मंदिर परिसर में आयोजित 24 घंटे के अष्टयाम यज्ञ को लेकर शनिवार को 551 महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे और जयकारों के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
प्रखंड क्षेत्र के बेलकुंडा चौक स्थित कौनहारा घाट से गंगाजल लाकर आचार्य विनोद कुमार, दिनेश कुमार एवं नवल किशोर सिंह द्वारा वैदिक विधि-विधान से पूजन कर कलश में जल भरा गया। इसके बाद महिलाएं सिर पर कलश रखकर विभिन्न चौक-चौराहों का भ्रमण करते हुए काली मंदिर परिसर पहुंचीं, जहां धार्मिक अनुष्ठान और पांच बार परिक्रमा के बाद कलश को यज्ञ स्थल पर स्थापित किया गया।

यह अष्टयाम यज्ञ पूरे ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि हर वर्ष काली स्थान परिसर में इस यज्ञ का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
कलश यात्रा के बाद शनिवार दोपहर 12 बजे से अष्टयाम यज्ञ प्रारंभ हुआ, जो रविवार तक चलेगा। “ॐ सदाशिव जय सियाराम”, “काली दुर्गे राधे श्याम” जैसे भजनों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।
श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई है। वहीं रविवार की रात महनार के प्रसिद्ध व्यास सुजीत स्नेही की मंडली द्वारा भव्य विवाह कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. इंद्रेश कुमार, जगन्नाथ राय, बैजू राय, रउडी राय, पंकज कुमार, मनोज राय, अरविंद कुमार, देवेंद्र सिंह, विजय कुमार, अमोद कुमार, राजदेव ठाकुर, मुकेश ठाकुर, टीपू ठाकुर, लाल बाबू सिंह, लाल बहादुर सिंह, मिथिलेश राय सहित कई ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











