-राजापाकर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मां सरस्वती की मूर्तियों का शांतिपूर्ण विसर्जन
राजापाकर- संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को विद्या की देवी मां सरस्वती की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा, भक्ति और गाजे-बाजे के साथ शांतिपूर्ण ढंग से किया गया। सूरतपुर पोखर एवं लोमा पोखर में बैंड-बाजे के साथ मूर्ति विसर्जन किया गया, जहां भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
गौरतलब है कि सरस्वती पूजा को लेकर थाना परिसर में पूर्व में आयोजित शांति समिति की बैठक में यह स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि पूजा के अगले ही दिन सभी पूजा समितियां अपने नजदीकी पोखर या नहर में ही मूर्ति विसर्जन सुनिश्चित करेंगी। इन निर्देशों के आलोक में शनिवार को थाना क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में अधिकतर पूजा व्यवस्थापकों द्वारा अपने-अपने अगल-बगल के पोखरों एवं नहरों में नम आंखों से मां सरस्वती की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

थानाध्यक्ष के निर्देश पर चौकीदारों द्वारा भी सभी पंचायतों में लोगों को समय पर और शांतिपूर्ण विसर्जन के लिए जागरूक किया गया। वहीं राजापाकर बाजार सरस्वती पूजा समिति के व्यवस्थापक अंकित कुमार के नेतृत्व में नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत के सूरतपुर पोखर में मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन पूरी शांति एवं अनुशासन के साथ संपन्न हुआ।
इस दौरान बच्चे और युवा “सरस्वती माता की जय” एवं “विद्या की देवी मां सरस्वती की जय” के नारों के साथ एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते नजर आए। बैंड-बाजे के साथ निकली विसर्जन यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।
मौके पर राम अवतार शाह, रवि कुमार, सत्येंद्र कुमार, अंकित कुमार, आदित्य कुमार, गौरव कुमार, विनोद गुप्ता, अभिषेक कुमार, राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।












