Advertisement

राजापाकर में शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का धरना, काला बिल्ला लगाकर किया कार्य बहिष्कार

–राजापाकर में शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का धरना, काला बिल्ला लगाकर किया कार्य बहिष्कार

राजापाकर। संजय श्रीवास्तव। बीएमडी महाविद्यालय, दयालपुर परिसर में शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर कार्य का बहिष्कार करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि उनकी मांगों को लेकर कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र दिया गया, लेकिन अब तक वार्ता के लिए समय नहीं दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में प्रोन्नति, एमएसीपी का लाभ, वर्षों से दैनिक वेतन एवं संविदा पर कार्यरत कर्मियों को न्यूनतम वेतनमान के अनुसार भुगतान सुनिश्चित करना शामिल है। साथ ही स्वीकृत रिक्त पदों पर नियमितीकरण, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए अंतिम वेतन के अनुरूप पेंशन निर्धारण एवं सेवांत लाभ का भुगतान करने की मांग की गई।
इसके अलावा कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा एवं सामूहिक बीमा की व्यवस्था, सीनेट में प्रतिनिधित्व के लिए चुनाव कराने, परक्षेत्रीय संघ के कार्यालय हेतु कक्ष आवंटन तथा विश्वविद्यालय स्तर की विभिन्न समितियों में संघ के प्रतिनिधियों को शामिल करने की भी मांग रखी गई।
धरना-प्रदर्शन में राज कुमार, प्रगति कुमार, प्रभात कुमार, अविनाश कुमार, नीतीश कुमार, कुंदन कुमार, प्रणव कुमार सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।