–राजापाकर में वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, साइबर फ्रॉड से बचाव की दी गई जानकारी
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव।
भलुई पंचायत स्थित भलुई कॉलेज के परिसर में प्रखंड जीविका कार्यालय एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया रानी पोखर के संयुक्त तत्वावधान में वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत के सभी जीविका समूहों की जीविका दीदियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान बैंक खाता संचालन, मोबाइल बैंकिंग और साइबर क्राइम से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि मोबाइल या व्हाट्सएप पर आने वाले संदिग्ध लिंक को कभी क्लिक न करें और अनजान कॉल या मैसेज पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
बैंक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोई भी बैंक ग्राहक से एटीएम नंबर, पिन, ओटीपी या खाते की जानकारी फोन पर नहीं मांगता है। यदि कोई व्यक्ति बैंक अधिकारी बनकर जानकारी मांगे तो तुरंत सावधान हो जाएं। बैंक संबंधी किसी भी समस्या के समाधान के लिए सीधे शाखा में जाकर कर्मियों से संपर्क करने की सलाह दी गई।

जीविका दीदियों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक करें।
कार्यक्रम में जीविका बीपीएम राजकुमार साह, बैंक पदाधिकारी मोहम्मद इरशाद, ऋषभ कुमार, अंजली कुमारी, रीना कुमारी, ललिता कुमारी, लालती कुमारी, निभा कुमारी, सरस्वती देवी, लक्ष्मी देवी, राधिका देवी, पूनम देवी सहित अनेक जीविका दीदियां मौजूद रहीं।
इस पहल से महिलाओं में वित्तीय जागरूकता बढ़ी और साइबर अपराध से बचाव के प्रति विश्वास मजबूत हुआ।












