–राजापाकर में विज्ञान प्रदर्शनी सह बाल मेला का आयोजन, बच्चों ने दिखाया हुनर और नवाचार
राजापाकर – संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के बेलकुंडा स्थित शारदा ज्ञान निकेतन के परिसर में विज्ञान प्रदर्शनी सह बाल मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विभिन्न वर्गों के छात्र-छात्राओं ने अपने वैज्ञानिक कौशल, रचनात्मक सोच और नवीन प्रयोगों का शानदार प्रदर्शन किया।
विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने वायु प्रदूषण नियंत्रण, कृषि संयंत्र, वाटर हार्वेस्टिंग, स्मार्ट सिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ज्वालामुखी, एयरपोर्ट मॉडल, क्रॉप सेविंग तकनीक तथा इसरो आधारित परियोजनाओं सहित कई आकर्षक वर्किंग मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों ने अभिभावकों और आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया।
वहीं बाल मेले में छात्र-छात्राओं ने पानीपुरी, बर्गर, टिक्की चाट, आइसक्रीम, चाऊमीन, छोले-भटूरे, नूडल्स और कोल्ड ड्रिंक्स की स्टॉल लगाकर उत्सव का माहौल बना दिया। विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने इन लजीज व्यंजनों का आनंद लिया।

कार्यक्रम का निरीक्षण विद्यालय के निदेशक अमरेश सिंह, समाजसेवी पप्पू सिंह, पंचायत सचिव अनिल कुमार तथा प्राचार्य अमित कुमार ने किया। सभी अतिथियों ने छात्रों से उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की।
निदेशक अमरेश सिंह ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी बच्चों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और आत्मविश्वास को बढ़ावा देती है, जबकि बाल मेला शिक्षा के साथ मनोरंजन का बेहतरीन माध्यम है। इससे बच्चों का शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास होता है तथा वे अपनी छिपी प्रतिभा को निखार पाते हैं।
कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में शिक्षा और रचनात्मकता का सकारात्मक संदेश दिया।








