Advertisement

राजापाकर में बांस के कोठी में भीषण आग, दो बीघे की बसवारी जलकर राख, ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

-राजापाकर में बांस के कोठी में भीषण आग, दो बीघे की बसवारी जलकर राख, ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर स्थित कबीर मठ आश्रम के समीप बास के कोठी में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते करीब दो बीघे में फैली बसवारी के सभी पेड़ जलकर राख हो गए।
आग लगते ही आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मोटर पंप, समरसेबल, चापाकल और पंपिंग सेट के जरिए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तेज लपटों के कारण शुरुआती समय में आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों ने थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा को फोन किया, जिसके बाद उनके निर्देश पर महुआ से दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने में सहयोग किया। ग्रामीणों के अनुसार आग लगने के स्पष्ट कारण का पता नहीं चल सका है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि बास के कोठी में जुटने वाले कुछ युवकों द्वारा सिगरेट पीने के दौरान लापरवाही से जलती सिगरेट फेंकने के कारण आग लगी होगी।


स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो पास के गेहूं के खेतों और घरों तक आग फैल सकती थी, जिससे भारी नुकसान हो सकता था। आग की सूचना मिलते ही दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
सूचना पाकर एसआई जोगेंद्र यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं, राजापाकर थाना में दमकल गाड़ी की उपलब्धता नहीं होने के कारण आग बुझाने में देरी हुई। महुआ से दमकल के पहुंचने में समय लगने के चलते आग तेजी से फैल गई, जिससे नुकसान बढ़ गया।