Advertisement

राजापाकर में पशु बांझपन निवारण शिविर सह जागरूकता अभियान आयोजित

-राजापाकर में पशु बांझपन निवारण शिविर सह जागरूकता अभियान आयोजित

राजापाकर/संजय। प्रखंड क्षेत्र के बैकुंठपुर पंचायत अंतर्गत बैकुंठपुर ग्राम स्थित सामुदायिक भवन परिसर में पशु एवं मत्स्य पशुपालन विभाग की ओर से पशु बांझपन निवारण शिविर सह जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला मुखिया संघ अध्यक्ष सह पंचायत के मुखिया मजे लाल राय ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर राजापाकर पशु चिकित्सालय के पशु चिकित्सक डॉ. गणेश शंकर विद्यार्थी तथा बैद्यनाथपुर पशु चिकित्सालय की पशु चिकित्सक डॉ. अदिति ने शिविर में पहुंचे पशुपालकों के पशुओं की जांच की और उनके उचित रख-रखाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जरूरत के अनुसार विभिन्न दवाओं का भी वितरण किया गया।
शिविर में पशुपालकों को कृमिनाशक दवा, भूख बढ़ाने की दवा, अठैल की दवा, डायरिया की दवा सहित अन्य आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। डॉ. अदिति ने पशुपालकों को पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए समय-समय पर टीकाकरण कराने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि यह टीके विभिन्न पंचायतों में स्थित डेयरी केंद्रों एवं पशु चिकित्सा अस्पतालों के माध्यम से उपलब्ध कराए जाते हैं।


पशु चिकित्सकों ने पशुपालकों को पशुओं को नियमित रूप से कृमिनाशक दवा देने, मिनरल मिक्सचर पाउडर खिलाने तथा हरे चारे का अधिक उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इन उपायों से गाय-भैंस में बांझपन की समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकता है।
शिविर में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने अपने पशुओं को लाकर चिकित्सकों से परामर्श लिया और इलाज करवाया। चिकित्सकों ने बताया कि पशु चिकित्सालय राजापाकर में पशुओं के प्राथमिक उपचार के लिए सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं। किसान वहां आकर मुफ्त में दवा प्राप्त कर सकते हैं, जिससे उन्हें बाजार से महंगी दवाएं खरीदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।