-राजापाकर में गर्भवती माताओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण — दवाओं व पोषण की दी गई जानकारी
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत सोमवार को गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य की जांच एवं दवा वितरण शिविर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने बताया कि आज कुल 94 गर्भवती माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में हीमोग्लोबिन, एचआईवी, वजन समेत अन्य आवश्यक परीक्षण शामिल थे। प्रत्येक महिला को विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स, कैल्शियम, आयरन की गोलियां दी गईं, वहीं आवश्यकता अनुसार अन्य दवाइयां और टीटी इंजेक्शन भी लगाया गया।

डॉ. उपाध्याय ने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस अवस्था में पौष्टिक भोजन जैसे हरी सब्जियाँ, फल, दूध, अंडा आदि का सेवन जरूरी है। साथ ही, उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में हर महीने तीन दिन शिविर आयोजित किया जाता है, जिसमें महिलाओं को नियमित जांच के लिए आने की अपील की गई।
जांच कार्य में डॉ. मनीषा और डॉ. रमेश चंद्र सिन्हा ने सहयोग किया। वहीं एएनएम किरण कुमारी, गुंजन कुमारी, हेमा कुमारी, प्रमिला कुमारी, शांति कुमारी, रेनू कुमारी, मुन्नी कुमारी आदि कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आशा कार्यकर्ताओं ने प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से गर्भवती माताओं को शिविर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। शिविर में महिलाओं को यह भी निर्देश दिया गया कि प्रसव केवल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में ही कराएं, ताकि जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित रहें, क्योंकि यहाँ प्रशिक्षित डॉक्टर और नर्स द्वारा ही उपचार किया जाता है।








