-राजापाकर में कृषी चौपाल का आयोजन, किसानों को दी गई रबी फसल एवं आधुनिक कृषि तकनीक की जानकारी
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के लगुराव बिलंदपुर पंचायत के लगुराव ग्राम स्थित सामुदायिक भवन परिसर तथा राजापाकर दक्षिणी पंचायत के बंघारा ग्राम स्थित काली स्थान परिसर में कृषी चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष प्रगतिशील किसान, कृषि कर्मी और विभागीय पदाधिकारी शामिल हुए।
रबी महाअभियान के तहत आयोजित इस चौपाल में किसानों को रबी बुवाई, तिलहन फसलों, एवं आधुनिक खेती तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से रासायनिक खाद के स्थान पर जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।
जीरो टिलेज से बुवाई की सलाह:
कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि अधिकांश किसान धान कटने के बाद उन्हीं खेतों में गेहूं की खेती करते हैं। ऐसे खेतों में जीरो टिलेज विधि से गेहूं की बुवाई कम लागत में अधिक पैदावार देने का बेहतर विकल्प है।
साथ ही, फसलों में लगने वाले कीटनाशकों के सही उपयोग की जानकारी भी किसानों को दी गई।
किसानों की समस्याएँ और कृषि एप की सुविधा:
चौपाल में उपस्थित किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याएँ कृषि पदाधिकारियों के सामने रखीं। जवाब में अधिकारियों ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा कृषि एप लॉन्च किया गया है, जिसके माध्यम से किसान घर बैठे—
सब्सिडी,
बीज उपलब्धता,
शिकायत समाधान
—से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
सब्सिडी दर पर बीज उपलब्ध:
अधिकारियों ने बताया कि गेहूं का बीज सब्सिडी दर पर कार्यालय में उपलब्ध है। किसान ऑनलाइन आवेदन कर सब्सिडी कटौती के बाद बीज प्राप्त कर सकते हैं।
महुआर का बीज, हरा मटर, सफेद मटर और अन्य बीज भी उपलब्ध हैं, जिसकी जानकारी चौपाल में किसानों को दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी:
कृषी चौपाल में प्रखंड उद्यान पदाधिकारी मनोज कुमार, तकनीकी प्रबंधक रौनी कुमार, कृषि सलाहकार मुकेश प्रसाद सिंह, देवेंद्र प्रसाद सिंह, संजय कुमार, वीरेंद्र कुमार सहित दर्जनों महिला-पुरुष किसान उपस्थित रहे।
कृषि पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से किसानों को तकनीकी जानकारी और सरकारी सुविधाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।











