Advertisement

राजापाकर में अनियंत्रित ट्रक पलटा, साइकिल सवार घायल; नशे में चालक गिरफ्तार

-राजापाकर में अनियंत्रित ट्रक पलटा, साइकिल सवार घायल; नशे में चालक गिरफ्तार

राजापाकर। संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर थाना क्षेत्र के अलीपुर मंझीपुर गांव स्थित एनएच-322 पर बिस्किट लदा एक अनियंत्रित ट्रक पलट गया। इस हादसे में एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय पुलिस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जाता है कि ट्रक पटना से बिस्किट लेकर रोसड़ा जा रहा था। इसी दौरान हाजीपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने साइकिल सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाकरपुर कुतुबपुर वार्ड संख्या-9 निवासी मोहन पंडित के पुत्र चंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।


घायल चंदन कुमार ने बताया कि वह दैनिक मजदूरी के लिए गाजीपुर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद वह सड़क पर दूर जा गिरे। वहीं, चालक के नियंत्रण खो देने से ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजापाकर थाने की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। थाना अध्यक्ष गौरी शंकर बैठा ने बताया कि चालक नशे की हालत में था। थाने पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि घायल के आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।