-राजापाकर बाजार में भीषण आग
-बांस की कोठी जलकर राख
-ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
राजापाकर (वैशाली)। संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर प्रखंड मुख्यालय स्थित राजापाकर बाजार में लकड़ी मिल के पास गुरुवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर बांस की कोठी में रखा कारा, झलसी, खर समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया।
बताया जाता है कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों ने तत्परता नहीं दिखाई होती तो बगल में स्थित लालबाबू राय का मुर्गी फार्म तथा आसपास के कई घर इसकी चपेट में आ सकते थे। स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान पास में रहने वाले सेना के जवान सुनील गुप्ता के परिजनों ने मोटर चालू कर पानी की व्यवस्था की, जिससे आग पर काफी हद तक काबू पाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही राजापाकर थाना को अवगत कराया गया, जिसके बाद महुआ से छोटी दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। हालांकि, दुर्भाग्यवश दमकल वाहन घटनास्थल पर ही खराब हो गया, जिससे अग्निशमन कार्य में कोई मदद नहीं मिल सकी। अंततः ग्रामीणों ने चापाकल और मोटर के सहारे पानी चलाकर आग पर पूरी तरह काबू पाया।
स्थानीय लोगों—मणि कुमार, सुनील कुमार, मनोज कुमार, सत्येंद्र कुमार एवं उमा ठाकुर ने बताया कि आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि किसी राहगीर द्वारा बीड़ी या सिगरेट फेंकने से आग लगी होगी। भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण आग ने तेजी से आसपास के पेड़-पौधों को भी नुकसान पहुंचाया।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वहीं, दमकल गाड़ी के समय पर खराब हो जाने को लेकर लोगों में काफी आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग से मांग की है कि राजापाकर थाना क्षेत्र में दमकल की स्थायी और सुदृढ़ व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर समय रहते काबू पाया जा सके।











