Advertisement

राजापाकर प्रखंड में भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन, कई मामलों का मौके पर हुआ निपटारा

-राजापाकर प्रखंड में भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन, कई मामलों का मौके पर हुआ निपटारा

राजापाकर–संजय श्रीवास्तव। प्रखंड कार्यालय राजापाकर के सभागार में शनिवार को भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने की। इस दौरान भूमि विवाद से जुड़े अनेक रैयत किसान शिविर में उपस्थित हुए और अपनी समस्याएं रखीं।
अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने शिविर में प्रस्तुत विभिन्न भूमि विवाद मामलों की सुनवाई की। इनमें सुभाषचंद्र बनाम प्रभाषचंद्र, फतु राम बनाम गोपाल राम, सुरेश शाह बनाम कपिल शाह, राकेश कुमार राय बनाम देव प्रसाद राय, देयंती देवी बनाम विनोद सिंह, रिंकू देवी बनाम अजीत कुमार, अखिलेश कुमार बनाम शिवजी शाह सहित अन्य वाद शामिल थे। दोनों पक्षों की उपस्थिति में कई मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। जिन मामलों में प्रतिवादी उपस्थित नहीं थे, उन्हें अगले शिविर में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।


इसके अलावा राजस्व महा अभियान के तहत ऑफलाइन दिए गए आवेदनों के संबंध में भी लोगों ने जानकारी प्राप्त की। अंचलाधिकारी ने बताया कि सभी ऑफलाइन आवेदनों को ऑनलाइन कर दिया गया है और वादी-प्रतिवादी राजस्व विभाग के पोर्टल से संबंधित दस्तावेज निकाल सकते हैं। जिनके खाता, खेसरा अथवा रकवा में त्रुटि है, उन्हें ऑनलाइन परिमार्जन कराने की सलाह दी गई, ताकि कर्मचारी स्थल पर जाकर जांच कर त्रुटियों का निराकरण कर सकें।
अंचलाधिकारी ने म्यूटेशन प्रक्रिया भी ऑनलाइन कराने तथा किसी भी बिचौलिया या दलाल के झांसे में न आने की सख्त सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि विभाग से संबंधित किसी भी कार्य के लिए सीधे अंचल कार्यालय से संपर्क करें।