–राजापाकर के फुलहारा बाजार में 9 दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा व 11 जोड़ा सामूहिक विवाह को लेकर ध्वजारोहण, सैकड़ों ग्रामीण हुए शामिल
राजापाकर – संजय श्रीवास्तव।
थाना क्षेत्र के फुलहारा बाजार की पावन धरती पर श्रीमन नारायण सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित 9 दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सह 11 जोड़ा सामूहिक विवाह समारोह को लेकर महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर ध्वजारोहण एवं ध्वज पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
आचार्य द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि-विधान से ध्वजारोहण अनुष्ठान कराया गया। इससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा। यज्ञ के संयोजक राजेश कुमार रंजन ने बताया कि आगामी 22 मार्च से 30 मार्च तक संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर 11 जोड़ा वर-वधू का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल पर सद्भावना मेला भी लगेगा, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेंगे। कथावाचक पूज्य पंकज शास्त्री जी महाराज के मुखारविंद से प्रतिदिन संध्या बेला में भागवत कथा की अमृत वर्षा होगी। संस्था की ओर से समाज के प्रबुद्ध लोगों से अपील की गई है कि जरूरतमंद एवं गरीब परिवार अपनी बेटियों के विवाह के लिए सामूहिक विवाह में निबंधन अवश्य कराएं।
इस मौके पर सरपंच लग्न देव प्रसाद सिंह, पूर्व मुखिया उमाशंकर प्रसाद सिंह, यज्ञ कमेटी अध्यक्ष रामबाबू राय समेत कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम को लेकर पूरे इलाके में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।












