–राजापाकर के नारायणपुर में पशु चिकित्सा शिविर, सैकड़ों पशुओं का इलाज व दवा वितरण, पशुपालकों को दी गई स्वास्थ्य जागरूकता
राजापाकर – संजय श्रीवास्तव। नारायणपुर ग्राम स्थित बुजुर्ग पंचायत में पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान पटना की ओर से पशु चिकित्सा सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने भाग लेकर अपने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न पशुओं का इलाज किया गया तथा पशुपालकों के बीच जरूरत के अनुसार दवाओं का वितरण किया गया। कृमिनाशक दवा, अठैल की दवा, भूख बढ़ाने की दवा, बाझपन से संबंधित बीमारी के लिए पाउडर समेत अन्य आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। पशु चिकित्सकों ने पशुओं का ब्लड सैंपल लिया और गोबर की जांच कर बीमारियों की पहचान की।

पटना से आए पशु चिकित्सकों में डॉ. रश्मि, डॉ. अनामिका, डॉ. शिव शंकर, डॉ. विवेक के साथ बैघनाथपुर पशु चिकित्सालय की डॉ. अदिति एवं राजापाकर पशु चिकित्सालय के डॉ. गणेश शंकर विद्यार्थी ने पशुपालकों को पशु देखभाल संबंधी विस्तृत परामर्श दिया।
चिकित्सकों ने पशुपालकों को सलाह दी कि पशुओं को भूसा-चोकर के साथ हरा चारा अवश्य खिलाएं तथा प्रतिदिन शाम को उन्हें खेत-खलिहानों में चराने ले जाएं, जिससे पशुओं को प्राकृतिक पोषण व रोग प्रतिरोधक क्षमता मिलती है। साथ ही गर्भाधान में समस्या होने पर मिनरल मिक्सचर देने और समय-समय पर कृमिनाशक दवा व टीकाकरण कराने की भी सलाह दी गई।
शिविर में मोबाइल वेटरनरी यूनिट से डॉ. अंकिता एवं विनोद कुमार ने भी सहयोग प्रदान किया। इस शिविर से क्षेत्र के पशुपालकों को काफी लाभ मिला और पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य व उत्पादन बढ़ाने के प्रति जागरूकता आई।












