–राजापाकर के ऐतिहासिक सरसई सरोवर तट स्थित शिव मंदिर में उमड़ी आस्था की भीड़, मेले का उद्घाटन चिराग पासवान ने किया
राजापाकर – संजय श्रीवास्तव।
प्रखंड क्षेत्र के ऐतिहासिक सरसई सरोवर के तट पर स्थित भगवान भोलेनाथ के सबसे ऊंचे मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही महिला और पुरुष श्रद्धालु पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे थे। पूरे दिन मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।
मंदिर परिसर में आध्यात्मिक चेतना समिति ट्रस्ट द्वारा दो दिवसीय मेले का आयोजन किया गया है। मेले का विधिवत उद्घाटन हाजीपुर से लोकसभा सांसद सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे यहां किसी मंत्री या नेता के रूप में नहीं, बल्कि एक शिवभक्त के रूप में शामिल हुए हैं।

मेले में पूजन सामग्री, सौंदर्य प्रसाधन, खिलौने एवं अन्य दैनिक उपयोग की दुकानों के साथ-साथ बच्चों के लिए आकर्षक झूले लगाए गए हैं, जिससे मेले में रौनक बढ़ गई है। वहीं सांस्कृतिक मंच पर जिले एवं आसपास के कलाकारों द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। मुख्य कलाकारों में सुनील सुरीला, खुशी तिवारी, श्वेता तिवारी और बलराम यादव ने अपने गीतों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति के अध्यक्ष ब्रजनंदन शर्मा, सचिव अविनाश शर्मा और कोषाध्यक्ष नीरज शर्मा सहित अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।
वहीं प्रशासनिक व्यवस्था भी काफी दुरुस्त दिखी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सराय थाना प्रभारी मणिभूषण कुमार, राजापाकर प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर एवं सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल भारी संख्या में पुलिस बल के साथ तैनात रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।












