Advertisement

राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में 53वीं राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी-2025 का भव्य समापन

-राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में 53वीं राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी-2025 का भव्य समापन

वाराणसी। पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय 53वीं बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी-2025 का समापन समारोह गुरुवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन दिवस के अवसर पर वैज्ञानिक सोच, नवाचार और छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला।

समारोह में कार्यक्रम के संयोजक एवं संयुक्त शिक्षा निदेशक, वाराणसी मण्डल श्री दिनेश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री भोलेन्द्र प्रताप सिंह, उप-प्रधानाचार्य डॉ. वृजेश कुमार सिंह एवं प्रधानाचार्य श्री सुमीत कुमार श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में निदेशक, राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, प्रयागराज श्री अनिल भूषण चतुर्वेदी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का शुभारम्भ भगवती सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। हरिश्चन्द्र बालिका इंटर कॉलेज, वाराणसी की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत वाणी वंदना एवं स्वागत गीत ने सभी का मन मोह लिया।

संयुक्त शिक्षा निदेशक श्री दिनेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वैज्ञानिक चेतना सुव्यवस्थित जीवन का अनिवार्य अंग है। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नवाचार के लिए सदैव प्रेरित रहना चाहिए और अपने आस-पास की समस्याओं से ही नए विचार विकसित करने चाहिए। वहीं मुख्य अतिथि श्री अनिल भूषण चतुर्वेदी ने कहा कि मनुष्य ही ऐसा प्राणी है जिसमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की क्षमता है। छात्रों में जिज्ञासा और सतत अध्ययन की भावना ही उन्हें नवाचार की दिशा में अग्रसर करती है।

 

समारोह के दौरान प्रधानाचार्य श्री सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने आयोजन में सहयोग देने वाले जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कई प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

प्रदर्शनी में विद्यालय के छात्रों और शिक्षकों ने भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। कक्षा 12 के आयुष राज जायसवाल एवं कक्षा 11 के छात्र प्रिंस पाण्डेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिक्षक संवर्ग में गणित प्रवक्ता श्री वेद प्रकाश राय ने तृतीय तथा भूगोल प्रवक्ता डॉ. विजय भारतीय सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के समग्र परिणामों में जूनियर एवं सीनियर संवर्ग में वाराणसी मण्डल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शिक्षक संवर्ग में मेरठ मण्डल प्रथम रहा। विजेता मण्डलों को निदेशक महोदय के करकमलों से चल वैजयन्ती प्रदान कर सम्मानित किया गया।

राज्य स्तर पर चयनित बाल वैज्ञानिकों को अब राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित बाल विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। निदेशक महोदय ने सभी विजेताओं को उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएँ दीं।