-रतवारा बेसिक स्कूल में बच्चों का धरना दूसरे दिन भी जारी, शिक्षकों को विद्यालय में प्रवेश से रोका
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
जिले के बन्दरा प्रखण्ड अंतर्गत रतवारा बेसिक स्कूल में स्कूली बच्चों का धरना दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। आक्रोशित बच्चों ने विद्यालय पहुँचे प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षकों को स्कूल परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया।
धरने की सूचना पर प्रखण्ड स्तर से पहुँचे बीईओ के प्रतिनिधि ने बच्चों से बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन बच्चे अपनी 13 सूत्री मांगों को लेकर अड़े रहे और किसी भी तरह की समझाइश मानने से इंकार कर दिया।
इस आंदोलन को ग्रामीणों का भी पूरा समर्थन मिल रहा है। बच्चों एवं ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से विभिन्न प्रकार की गड़बड़ियाँ व्याप्त हैं, जिसकी अनदेखी की जा रही है।

तेपरी–पिलखी मुख्य पथ किनारे स्थित विद्यालय के मुख्य द्वार पर बच्चों का धरना जारी है। बच्चों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। धरना स्थल पर दिनभर आक्रोशपूर्ण माहौल बना रहा, वहीं प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।











