-रतवारा-ढोली पुल निर्माण की दिशा में बड़ा कदम, बूढ़ी गंडक नदी पर सर्वे टीम ने किया स्थल जांच
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक कुमार तिवारी।
बूढ़ी गंडक नदी पर रतवारा-ढोली पुल निर्माण को लेकर कवायद तेज हो गई है। शुक्रवार को मंत्रालय से आई अभियंता एवं सर्वे टीम रतवारा पहुंची और स्थल का निरीक्षण किया। टीम ने संभावित पुल स्थल का सर्वे कर तकनीकी पहलुओं को समझा।
मौके पर तिरहुत स्नातक क्षेत्र के एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे लगातार विभागीय अधिकारियों एवं मंत्री के संपर्क में हैं। इस संबंध में उन्होंने लिखित अनुरोध भी किया है ताकि इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने बताया कि आज सुबह अभियंता और सर्वे टीम के साथ स्थल का मुआयना किया गया है।

एमएलसी ब्रजवासी ने उम्मीद जताई कि सर्वे टीम की रिपोर्ट विभाग को जाएगी, जिसके आधार पर स्वीकृति, डीपीआर और तकनीकी स्तर की आगे की प्रक्रिया पूरी होगी। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव से पहले इस परियोजना की प्रशासनिक प्रक्रिया काफी हद तक आगे बढ़ने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ (आरडब्ल्यूडी) सुमित आर्यन, जेई मो. शहंशाह आलम, जेई अर्पिता, सर्वेयर दिलीप कुमार पांडेय, सहायक सर्वेयर जयलाल सिंह तथा डिज़ाइनर टीम के सदस्य मौजूद थे। इस दौरान पुल निर्माण संघर्ष समिति के श्यामकिशोर,अवधेश कुशवाहा सहित ग्रामीणों की भी मौजूदगी थी।











