-मौसमीय बदलाव से बढ़ रहे नेत्र रोग: बन्दरा सीएचसी में रोजाना 30 तक मरीज, बच्चों में एलर्जी की समस्या ज्यादा
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक कुमार तिवारी।
मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड में बदलते मौसम और लापरवाह रहन-सहन का असर अब लोगों की आंखों पर भी साफ दिखने लगा है। धूल, धूप और गर्मी के कारण नेत्र रोगों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। खासकर बच्चों में आंखों की एलर्जी, जलन, खुजली और लालपन की शिकायतें अधिक सामने आ रही हैं।
प्रखंड स्थित बन्दरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों नेत्र रोग से पीड़ित मरीजों की भीड़ देखी जा रही है। अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 25 से 30 मरीज आंखों की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें छोटे बच्चों और किशोरों की संख्या सबसे अधिक है।

सीएचसी में पदस्थ नेत्र रोग जांच विशेषज्ञ डॉ. संजीत कुमार ने शुक्रवार को बताया कि ज्यादातर मरीज एलर्जी से प्रभावित हैं। मौसम में अचानक बदलाव, धूप, सड़कों आदि पर धूलकण,धुंआ,प्रदूषण आदि के कारण आंखों में संक्रमण और जलन की समस्या बढ़ रही है। बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण वे जल्दी इसकी चपेट में आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों की नियमित जांच कर उन्हें दवा दी जाती है। जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त चश्मा और आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं गंभीर स्थिति वाले मरीजों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज या बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाता है।
डॉ. कुमार ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि धूल और धूप से बचें, बाहर निकलते समय धूप का चश्मा पहनें, बाहर से घर आने के बाद आंखों को साफ पानी से धोएं और गंदे हाथों से आंखों को न छुएं।
सीएचसी में पूरे प्रखंड क्षेत्र से मरीज पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से बन्दरा, पटसारा, मुन्नी-बैंगरी, हत्था, तेपरी और मतलुपुर पंचायतों से अधिक संख्या में लोग इलाज के लिए आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से समय रहते जांच कराने और लक्षण दिखते ही चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की है, ताकि छोटी समस्या गंभीर रूप न ले सके।











