-मेहनत को मिले पंख: बोचहाँ के मेधावियों को साइकिल व सम्मान, टॉपर्स ने बढ़ाया जिले का मान
बोचहां, मुजफ्फरपुर।कहते हैं कि पसीने की स्याही से लिखे पन्ने कभी कोरे नहीं होते—यह कहावत रविवार को बोचहाँ स्थित अभ्यास कोचिंग सेंटर में पूरी तरह सच साबित होती दिखी। बिहार बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां मेधावियों को साइकिल और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का सबसे भावुक पल वह रहा जब टॉपर्स को मंच पर बुलाकर उनके हाथों में नई साइकिल और चेक सौंपा गया। इस सम्मान से छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे परिसर में तालियों की गूंज सुनाई दी।

इस अवसर पर 470 अंक प्राप्त कर संस्थान के टॉपर बने संजीव कुमार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं रौशनी कुमारी (466 अंक), विपिन कुमार (439 अंक) और आयुष कुमार (420 अंक) की शानदार सफलता पर भी अतिथियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कोचिंग सेंटर के संचालकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें सही मार्गदर्शन और संसाधन देने की। उन्होंने बताया कि इस तरह के सम्मान समारोह से न केवल मेधावियों का हौसला बढ़ता है, बल्कि अन्य छात्रों को भी कड़ी मेहनत के लिए प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी सफल छात्रों को शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।












