-जमुई से मो. अंजुम आलम की रिपोर्ट
–मेडिकल छात्र का कोलकाता के छात्रावास में फंदे से झूलता मिला शव,
–कोलकाता पुलिस बता रही आत्महत्या तो परिजनों लगा रहे हत्या का आरोप
–छात्र का शव जमुई पहुंचते ही आक्रोशित हुए परिजन व ग्रामीण
–जमुई-नवादा मुख्य मार्ग पर चंद्रदीप चौक को जाम कर निष्पक्ष जांच की कर रहे मांग

जमुई जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र अंतर्गत महतपुर गांव निवासी पवन सिंह के पुत्र प्रियरंजन उर्फ गोलू की कोलकाता मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में फंदे से झूलता हुआ शव सन्देहहास्पद स्थिति में मिलने के बाद परिजन ने हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि हॉस्टल प्रबंधन और कोलकाता पुलिस ने इसे आत्महत्या बताते हुए कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया लेकिन शव जमुई पहुंचते ही बुधवार की सुबह लोग आक्रोशित हो गए और शव को जमुई-नवादा मुख्य मार्ग पर चंद्रदीप चौक के पास रखकर सड़क जाम कर दिया और परिजनों ने आत्महत्या की बात को इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाकर हंगामा कर रहे हैं। सूचना के बाद जाम स्थल पर पहुंचे चंद्रदीप थानाध्यक्ष मो.हलीम के द्वारा आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन लोग एसपी डॉक्टर शौर्य सुमन को बुलाने की मांग पर दो घंटे से अड़े हुए हैं। मृतक छात्र के पिता पवन सिंह ने बताया कि हर रोज पुत्र से उनकी बात होती थी , कभी विवाद भी नही हुआ, नही तो ऐसा लगता था कि वह तनाव में है तो फिर आत्महत्या वह कैसे करेगा। उन्होंने कहा कि उनका पुत्र प्रियरंजन उर्फ गोलू पढ़ने में काफी तेज था, किसी से कोई मतलब नही रखता था,इस वजह से उसकी हत्या कर दी गई और आत्महत्या का रूप दिया जा रहा है। उस स्कूल में रैगिंग भी की जाती है, जिस वजह से इसकी निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी पर कार्रवाई हो।













