Advertisement

मुसहरी प्रखंड चौक पर बुनियाद केंद्र के पास कचरे का अंबार, दुकानदारों पर लापरवाही का आरोप

-मुसहरी प्रखंड चौक पर बुनियाद केंद्र के पास कचरे का अंबार, दुकानदारों पर लापरवाही का आरोप

मुजफ्फरपुर।मुसहरी प्रखंड चौक स्थित कुछ चाय-अंडा दुकानदारों द्वारा प्रखंड परिसर में बने बुनियाद केंद्र के समीप खुलेआम कचरा फेंकने का मामला सामने आया है। दुकानों से निकलने वाला कचरा नियमित रूप से उसी स्थान पर डाला जा रहा है, जिससे वहां कचरे का ढेर लग गया है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, कचरे में अंडे के छिलके, प्लास्टिक, पत्तल-दोना और अन्य गंदगी शामिल है, जिससे आसपास दुर्गंध फैल रही है। बुनियाद केंद्र में आने-जाने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रखंड परिसर जैसे सरकारी स्थल के पास गंदगी फैलने से स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि संबंधित दुकानदारों द्वारा नियमों की अनदेखी की जा रही है, वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रखंड प्रशासन और स्वच्छता विभाग से मांग की है कि कचरा फैलाने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की जाए तथा कचरा निस्तारण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बुनियाद केंद्र और प्रखंड परिसर को साफ-सुथरा रखा जा सके।