-मुसहरी पीएचसी में लापरवाही: 70 वर्षीय बुजुर्ग को दे दी गई एक्सपायरी दवाई, बदलने से भी किया इनकार
मुज़फ़्फरपुर। स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही का चौंकाने वाला मामला मुसहरी प्रखंड से सामने आया है, जहाँ पीएचसी में इलाज करवाने पहुंचे एक 70 वर्षीय बुजुर्ग को एक्सपायरी दवा थमा दी गई। यह घटना मुसहरी प्रखंड के बैकतपुर पंचायत अंतर्गत जलालपुर निवासी मारकंडे झा के साथ हुई है।
जानकारी के अनुसार, मारकंडे झा 3 दिसंबर को इलाज के लिए मुसहरी पीएचसी पहुंचे थे, जहाँ उनको सांस फूलने की शिकायत पर चिकित्सक ने टैबलेट लिखी, लेकिन दवा वितरण काउंटर पर मौजूद कर्मी ने टैबलेट के बजाय उन्हें एक्सपायर सिरप थमा दिया। बुजुर्ग को इसकी जानकारी नहीं थी और वह दवा लेकर घर चले गए।
घर पहुँचने पर उनके पोते ने सिरप की बोतल चेक की और देखा कि दवाई एक्सपायर हो चुकी है। तत्काल उसने अपने दादा को दवा न लेने की सलाह दी।

आज शुक्रवार को जब मारकंडे झा दवा बदलवाने के लिए पुनः मुसहरी पीएचसी पहुंचे, तो काउंटर पर मौजूद व्यक्ति ने चौंकाने वाला जवाब दिया—
“दूसरा आदमी दवा दिया था, हम नहीं बदलेंगे।”
इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये ने पीएचसी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुसहरी पीएचसी में एक्सपायर दवाइयों को नष्ट करने की बजाय मरीजों में बाँट दिया जा रहा है। इतना ही नहीं, स्टॉक में कितनी एक्सपायर दवाइयाँ पड़ी हैं, इसकी जानकारी खुद पीएचसी के फार्मासिस्ट को भी नहीं है—जो एक बड़े स्वास्थ्य संकट की ओर इशारा करता है।
इस घटना ने ग्रामीणों में आक्रोश फैलाया है और वे स्वास्थ्य विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।











