–मुजफ्फरपुर सदर थाना में सब इंस्पेक्टर 15 हजार घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, निगरानी विभाग की दूसरी दिन भी बड़ी कार्रवाई
मुजफ्फरपुर। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत निगरानी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। लगातार दूसरे दिन की कार्रवाई में टीम ने मुजफ्फरपुर के सदर थाना में तैनात एक सब इंस्पेक्टर को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार सब इंस्पेक्टर की पहचान भास्कर के रूप में हुई है। आरोप है कि वह एक पीड़ित व्यक्ति से केस में राहत और अनुकूल कार्रवाई करने के नाम पर 15 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद निगरानी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय रणनीति के तहत सदर थाने के बाहर एक चाय दुकान पर रुपये देने की बात तय हुई। जैसे ही सब इंस्पेक्टर ने पीड़ित से रुपये लिए, पहले से मौजूद टीम ने उन्हें रंगेहाथ दबोच लिया।

कार्रवाई इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ ले गई और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
लगातार दूसरे दिन हुई कार्रवाई से पुलिस विभाग में खौफ का माहौल है। साफ संदेश है कि रिश्वतखोरी करने वालों पर अब कड़ी निगरानी रखी जा रही है और कोई भी वर्दीधारी कानून से ऊपर नहीं है।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। निगरानी विभाग यह भी जांच कर रहा है कि कहीं थाना स्तर पर कोई संगठित “सेटिंग सिस्टम” तो नहीं चल रहा था। इस कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों में चर्चा और सतर्कता दोनों बढ़ गई है।














