Advertisement

मुजफ्फरपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों का सम्मान, कई प्रतियोगिताओं का हुआ शुभारंभ

-मुजफ्फरपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों का सम्मान, कई प्रतियोगिताओं का हुआ शुभारंभ

मुजफ्फरपुर। 29 अगस्त को पूरे देश की तरह मुजफ्फरपुर में भी राष्ट्रीय खेल दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग बिहार सरकार के तत्वावधान में नेहरू स्टेडियम सिकंदरपुर एवं खेल भवन में 29 से 31 अगस्त तक विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजन के प्रथम दिन मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री सह सांसद डॉ. राजभूषण चौधरी निषाद और विशिष्ट अतिथि जिला खेल पदाधिकारी राजेंद्र कुमार ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।

केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि खेल के विकास के लिए पंचायत स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक सांसद कोटे से विशेष आयोजन किए जाएंगे और खिलाड़ियों को हर स्तर पर प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम का स्वागत भाषण उपनिदेशक शारीरिक शिक्षा सह जिला खेल पदाधिकारी राजेंद्र कुमार ने दिया और मंच संचालन शारीरिक शिक्षक करुणेश कुमार ने किया।

इस अवसर पर खिलाड़ियों ने योगाभ्यास किया, वहीं वूशु के वरीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की तालियां बटोरीं। मनोरंजक खेलों में अंडर-12 बालिका वर्ग की स्पून रेस में सिमरन कुमारी ने प्रथम, आयुषी कुमारी ने द्वितीय और संतोषी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-16 बालिका वर्ग में साक्षी कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया जबकि नेहा कुमारी और पूर्णिमा कुमारी क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।

बालक वर्ग वॉलीबॉल मैच में जी.डी. मदर इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने रत्नमनिया वॉलीबॉल क्लब को रोमांचक मुकाबले में 25-22, 26-28, 25-23 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में 30 अगस्त को पाँच किलोमीटर की मैराथन दौड़ और बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि 31 अगस्त की सुबह 6:30 बजे “संडे ऑन साइकिल” का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर बिहार वूशु संघ के महासचिव सुमन मिश्रा, हॉकी के पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी सुनील कुमार, धीरज कुमार, वूशु खिलाड़ी भानुप्रिया, फुटबॉल कोच सुरेश महतो सहित कई शिक्षक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।