Advertisement

मुजफ्फरपुर में मासिक कवि गोष्ठी सह मुशायरा का आयोजन, कवियों की रचनाओं ने बांधा समां

–मुजफ्फरपुर में मासिक कवि गोष्ठी सह मुशायरा का आयोजन, कवियों की रचनाओं ने बांधा समां

मुजफ्फरपुर: रविवार को अयोध्या प्रसाद खत्री साहित्यिक सेवा संस्थान के तत्वावधान में श्री गांधी पुस्तकालय, गोला रोड, मुजफ्फरपुर के सभागार में मासिक कवि गोष्ठी सह मुशायरा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवयित्री डॉ. सुप्रिया सोनी ने की, जबकि संचालन दीनबंधु आजाद ने किया।
कवि गोष्ठी का शुभारंभ भोजपुरी भाषा के प्रसिद्ध कवि सतेंद्र कुमार सत्येन की रचना “टिकुलिया तर के बिंदिया, चमकेला बरी जोर…” से हुआ। इसके बाद विभिन्न कवियों ने अपनी-अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अध्यक्षता कर रही डॉ. सुप्रिया सोनी ने अपनी रचना “जीवनदायिनी भाग्यविधाता, धरती का अभिमान है, नारी तू वरदान है” प्रस्तुत कर महिला शक्ति का गौरवगान किया। वहीं कवि ओम प्रकाश गुप्ता की रचना “ईश्वर माँ के रूप में, हर घर में रहता है…” ने श्रोताओं को भावुक कर दिया। हास्य कवि डॉ. जगदीश शर्मा “दवा दारू वाले” ने अपनी रचना “अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आतंकवाद छाया है…” से हास्य का रंग घोला।


कार्यक्रम का संचालन कर रहे दीनबंधु आजाद ने अपना मुक्तक “जिसे निभा ना सकूं, ऐसा वादा नहीं करता” प्रस्तुत किया। इसके अलावा रघुनाथ मोहब्बतपुरिया, सुमन कुमार मिश्रा, डॉ. हरि किशोर प्रसाद सिंह, अंजनी कुमार पाठक, प्रमोद नारायण मिश्र, उमेश राज, रामबृक्ष राम चकपुरी, अशोक भारती तथा अरुण कुमार तुलसी ने भी अपनी-अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं से भरपूर तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के अंत में प्रसिद्ध समाजसेवी व नागरिक मोर्चा के महासचिव मोहन प्रसाद सिन्हा ने उपस्थित कवियों और श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं मासिक कवि गोष्ठी के संयोजक सुमन कुमार मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन किया। अंत में अध्यक्ष की अनुमति से अगले आयोजन तक कार्यक्रम स्थगित करने की घोषणा की गई।