Advertisement

मुजफ्फरपुर में मानसूनी बारिश से मौसम सुहाना, ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव से बढ़ी परेशानियां

-मुजफ्फरपुर में मानसूनी बारिश से मौसम सुहाना, ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव से बढ़ी परेशानियां

मुजफ्फरपुर | दीपक तिवारी।

मुजफ्फरपुर जिले के औराई तथा आसपास के इलाकों में मानसूनी बारिश ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दी है। बीते कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण मौसम खुशनुमा हो गया है। बारिश से खेतों को संजीवनी मिली है, वहीं गांव की गलियों और कच्ची सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।

बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, लेकिन स्थानीय ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आम लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि जिले के कुछ प्रखंड जैसे गायघाट और बंदरा क्षेत्र अब भी अच्छी बारिश की प्रतीक्षा में हैं। इन क्षेत्रों में अब तक हल्की बूंदाबांदी ही हुई है, जिससे खेतों को लाभ नहीं मिल सका है। किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए मानसून की कृपा की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

जल्द ही जिले के अन्य हिस्सों में भी बारिश की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे संपूर्ण क्षेत्र में कृषि कार्यों में तेजी आने की संभावना है।