Advertisement

मुजफ्फरपुर में बड़ी कार्रवाई: जिला कृषि पदाधिकारी व चालक 50 हजार घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

–मुजफ्फरपुर में बड़ी कार्रवाई: जिला कृषि पदाधिकारी व चालक 50 हजार घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर।दीपक।
बिहार में भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के सरकारी दावों के बीच विशेष निगरानी इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरपुर में जिला कृषि पदाधिकारी और उनके चालक को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए पटना ले जाया गया है, जहां बुधवार को विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, पियर थाना क्षेत्र के पटसारा ग्राम पंचायत निवासी रंजीत कुमार और संजीत कुमार ने जिला कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कृषि पदाधिकारी अपने चालक रामबाबू राय के माध्यम से खाद दुकान का लाइसेंस रद्द करने की धमकी देकर ढाई लाख रुपये घूस की मांग कर रहे थे। राशि नहीं देने पर लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी जा रही थी।
शिकायत की जांच के बाद विशेष निगरानी इकाई के डीएसपी बिंदेश्वर प्रसाद और डीएसपी सुधीर कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर दोनों को 50 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
फिलहाल दोनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। निगरानी टीम आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है। राज्य सरकार जहां भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन का दावा कर रही है, वहीं इस तरह की घटनाएं सिस्टम पर सवाल खड़े कर रही हैं।