Advertisement

मुजफ्फरपुर में प्रेम-प्रसंग बना खूनी साज़िश, निजी शिक्षिका हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा

-मुजफ्फरपुर में प्रेम-प्रसंग बना खूनी साज़िश, निजी शिक्षिका हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा

मुजफ्फरपुर।बिहार के मुजफ्फरपुर में इश्क, भरोसा और रिश्तों की आड़ में रची गई एक खौफनाक साज़िश का पर्दाफाश हुआ है। मुशहरी थाना क्षेत्र में बीते साल 18 नवंबर को हुई निजी शिक्षिका की हत्या अब एक संगठित साजिश के रूप में सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है।
मुशहरी थाना क्षेत्र के तारौरा गोपालपुर भटौलिया बांध के पास हुई इस हत्या ने उस वक्त सनसनी फैला दी थी। अब पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ है, वह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है—राजा कुमार, जिसने हत्या को अंजाम दिया, और संजीवन कुमार, जिसने हथियार उपलब्ध कराया। हालांकि, इस पूरे हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता, मृतका का जीजा राजन कुमार, अब भी फरार बताया जा रहा है।
जांच में सामने आया है कि मृतका और उसके जीजा के बीच प्रेम संबंध था। लेकिन जब मामला शादी तक पहुंचा, तो आरोपी जीजा पीछे हट गया। इसी के बाद उसने इस रिश्ते से छुटकारा पाने के लिए खौफनाक साजिश रच डाली।
इसी बीच, राजा कुमार नाम का युवक, जो मृतका से एकतरफा प्रेम करता था, इस साजिश का मोहरा बन गया। जब उसे पता चला कि युवती का संबंध किसी और से है, तो उसका गुस्सा और टूटे दिल का फायदा उठाकर जीजा ने उसे हत्या के लिए उकसाया।


बताया जा रहा है कि करीब 30 हजार रुपये देकर पिस्टल की व्यवस्था कराई गई। संजीवन कुमार ने हथियार उपलब्ध कराया और घटना से दो दिन पहले ही पूरी योजना को अंतिम रूप दे दिया गया।
घटना के दिन राजा कुमार पहले से बांध के पास घात लगाकर बैठा था। जैसे ही शिक्षिका अपने चचेरे भाई के साथ वहां पहुंची, उसने पीछा किया और ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए बाइक से गिरने का बहाना बनाया, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने उसकी पोल खोल दी। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो पूरे साजिश का खुलासा हो गया।
फिलहाल मुख्य आरोपी जीजा की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि क्या आज के दौर में रिश्ते और प्रेम सिर्फ भावनाएं नहीं, बल्कि अपराध की वजह बनते जा रहे हैं। मुजफ्फरपुर की यह वारदात रिश्तों के नाम पर रची गई एक ऐसी साजिश है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है।