Advertisement

मुजफ्फरपुर में एटीएम उखाड़ ले गए बदमाश, लाखों की नकदी होने की आशंका

-मुजफ्फरपुर में एटीएम उखाड़ ले गए बदमाश, लाखों की नकदी होने की आशंका

मुजफ्फरपुर। बिहार में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। बेखौफ बदमाशों ने देर रात एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए एटीएम मशीन ही उखाड़कर फरार हो गए। इस दुस्साहसी घटना ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना करजा थाना क्षेत्र के मड़वन चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एटीएम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार देर रात अज्ञात बदमाशों ने सुनसान मौके का फायदा उठाया और एटीएम बूथ में घुसकर मशीन को जड़ से उखाड़ लिया। इसके बाद अपराधी एटीएम को वाहन में लादकर मौके से फरार हो गए।
सूत्रों के मुताबिक जिस एटीएम मशीन को बदमाश उखाड़कर ले गए हैं, उसमें लाखों रुपये की नकदी होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह वारदात हुई है, वहां रात में पुलिस गश्ती होने का दावा किया जाता है। इसके बावजूद अपराधियों का इस तरह एटीएम उखाड़कर ले जाना पुलिस व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर रहा है। लोगों का आरोप है कि अगर गश्ती व्यवस्था मजबूत होती तो बदमाश इतनी आसानी से इस वारदात को अंजाम देकर फरार नहीं हो पाते।


बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एटीएम को निशाना बनाकर बड़ी रकम की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से इलाके के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही करजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके का मुआयना किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है। संदिग्ध वाहनों और लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल इस दुस्साहसी चोरी की घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि मुजफ्फरपुर में अपराधियों के हौसले आखिर इतने बुलंद क्यों हैं और कानून व्यवस्था को खुलेआम चुनौती क्यों मिल रही है।