-मुजफ्फरपुर: बरसात के बीच धूमधाम से सम्पन्न हुआ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन
मुजफ्फरपुर। आश्विन नवरात्र की समाप्ति के बाद जिलेभर में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का दौर जारी रहा। बरसात के मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बन्दरा, कटरा, सकरा,मुरौल, गायघाट, औराई, मीनापुर, सरैया, कुढ़नी, साहेबगंज, पारू, मड़वन और कांटी सहित विभिन्न प्रखंडों में श्रद्धालुओं ने बूढ़ी गंडक, गंडक, लखनदेई और बागमती जैसी नदियों में प्रतिमाओं का विसर्जन किया।

कई जगहों पर अहले सुबह से ही मां दुर्गा की प्रतिमाओं को लेकर शोभायात्राएं निकाली गईं। युवकों की टोलियां ढोल-नगाड़े और डीजे की धुन पर झूमते-गाते नदी तटों तक पहुंचीं। वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण रहा।
वहीं, सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क दिखा। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की सक्रियता देखी गई। पुलिस-प्रशासन की निगरानी में शांतिपूर्ण तरीके से प्रतिमाओं का विसर्जन सम्पन्न हुआ।












