Advertisement

मुजफ्फरपुर के 29 किसान पहुंचे बेंगलुरु, आत्मा द्वारा आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम

-मुजफ्फरपुर के 29 किसान पहुंचे बेंगलुरु, आत्मा द्वारा आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम

मुजफ्फरपुर। आत्मा (ATMA) मुजफ्फरपुर की ओर से आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 29 किसानों का चयन किया गया। चयनित किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से आईसीएआर-भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान (IIHR), बेंगलुरु भेजा गया है।

आईआईएचआर देश का प्रमुख संस्थान है, जो फल, सब्जी, सजावटी, औषधीय फसल और मशरूम के क्षेत्र में बुनियादी, रणनीतिक और अनुप्रयुक्त अनुसंधान करता है। यहाँ किसानों और युवा उद्यमियों को बागवानी उत्पादों के प्रसंस्करण व विपणन के लिए तकनीकी सहायता और आवश्यक बुनियादी ढाँचा भी उपलब्ध कराया जाता है।

संस्थान को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के तहत राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त है। यहाँ विकसित उच्च गुणवत्ता वाली पौधों की किस्में और तकनीकें देश की कृषि अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

आईआईएचआर किसानों को उन्नत तकनीकों जैसे ड्रोन, उच्च घनत्व रोपण प्रणाली और उच्च उत्पादकता वाली किस्मों के बारे में प्रशिक्षित करता है। इसके अलावा संस्थान में कृषि प्रौद्योगिकी सूचना केंद्र (ATIC) भी कार्यरत है, जो नई तकनीकों और जानकारी के प्रसार के लिए एकल-खिड़की एजेंसी की तरह कार्य करता है।

किसानों का मानना है कि इस प्रशिक्षण से उन्हें न केवल आधुनिक बागवानी विज्ञान की जानकारी मिलेगी, बल्कि उद्यमिता और विपणन के क्षेत्र में भी नई संभावनाएँ खुलेंगी।