–मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र में रोड रेज बना जानलेवा हमला, मुखिया पति लहूलुहान
मुजफ्फरपुर। जिले के सकरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात गाड़ी साइड लेने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बिशुनपुर बघनगरी पंचायत की मुखिया बबिता कुमारी और उनके पति रंजीत मिश्रा उर्फ बबलू मिश्रा पर कुछ युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें मुखिया पति गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मुखिया दंपती एक निजी कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कार सवार युवकों से साइड देने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि युवकों ने घात लगाकर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने बबलू मिश्रा पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत सकरा अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) रेफर कर दिया।
हमले के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मुखिया बबिता कुमारी ने इसे साधारण सड़क विवाद नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश बताया है। उनका कहना है कि हमलावरों की नीयत जान लेने की थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा हमलावरों की पहचान के प्रयास जारी हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक थाने में औपचारिक आवेदन नहीं दिया गया है, जिससे कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया लंबित है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला महज रोड रेज का है या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश या सियासी साजिश छिपी है।












