–मुजफ्फरपुर के बंदरा प्रखंड में डिग्री कॉलेज की मांग तेज, छात्रों-अभिभावकों ने शिक्षा मंत्री से की पहल की अपील
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक।
बंदरा प्रखंड में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर स्थानीय छात्रों, अभिभावकों एवं जागरूक नागरिकों ने सरकार से डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग तेज कर दी है। लोगों का कहना है कि विकास की दृष्टि से बंदरा आज भी जिले के अन्य प्रखंडों की तुलना में पीछे है, जिससे यहां के छात्र-छात्राओं को स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार बाहर जाकर पढ़ाई करने में आर्थिक बोझ बढ़ता है, साथ ही सामाजिक व सुरक्षा संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है। खासकर छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

नागरिकों ने बताया कि सरकार की ओर से प्रत्येक प्रखंड में एक डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की गई थी, जो सराहनीय पहल है, लेकिन अब तक जारी सूची में बंदरा प्रखंड का नाम शामिल नहीं होने से लोगों में निराशा है।
इस संबंध में शिक्षा मंत्री, विधान पार्षद (तिरहुत स्नातक क्षेत्र) एवं गायघाट विधायक को ज्ञापन सौंपकर बंदरा की भौगोलिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक जरूरतों को देखते हुए शीघ्र कॉलेज स्थापना की मांग की गई है।
छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने कहा कि यदि यहां डिग्री कॉलेज की स्थापना होती है तो न केवल शिक्षा का स्तर बेहतर होगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी। ज्ञापन पर बंदरा प्रखंड के कई नागरिकों एवं शिक्षा प्रेमियों के हस्ताक्षर हैं।
मामले को लेकर Bihar Education Department से सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई जा रही है।













