-मुजफ्फरपुर के अंकित कुमार शर्मा हुए प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी में सम्मानित, बने भारत के राष्ट्रपति गिल्ड
मुजफ्फरपुर के युवा मोटिवेटर तथा संगीत शिक्षक अंकित कुमार शर्मा को प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी में सम्मानित किया गया। यह जंबूरी छत्तीसगढ़ राज्य के बालोद जिले के दुधली गांव में 09 जनवरी से 13 जनवरी तक आयोजित की गई थी, जिसमें देश भर से 15,000 से अधिक तथा श्रीलंका के भी कई रोवर-रेंजर्स ने भाग लिया था।
इस जंबूरी का मुख्य उद्देश्य युवाओं में आत्मनिर्भरता, टीम भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना था। बालोद, छत्तीसगढ़ में आयोजित इस राष्ट्रीय जंबूरी शिविर का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल तथा समापन छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा किया गया जिसमें बिहार राज्य के 2016 बैच के राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित हो चुके अंकित कुमार शर्मा को न सिर्फ राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा आमंत्रित किया गया बल्कि उन्हें प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी शिविर में राष्ट्रीय स्तरीय प्रमाण पत्र के साथ–साथ इसी जंबूरी के दौरान आयोजित “प्रथम राष्ट्रपति गिल्ड सम्मेलन” में भी राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा “राष्ट्रपति गिल्ड” के रूप में सम्मिलित कर मुजफ्फरपुर के अंकित कुमार शर्मा को सम्मानित करते हुए इसके प्रतीक चिन्ह “राष्ट्रपति गिल्ड बैच” से भी नवाजा गया।
अंकित पहले भी जिले से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक कई बार विभिन्न समूहों द्वारा सम्मानित हो चुके हैं। वे विद्यार्थी जीवन से लेकर आज एक संगीत शिक्षक के रूप में भी अपने विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, जिसके लिए उन्हें कई बार समाज सेवा,

स्काउट– गाइड, संगीत तथा अन्य क्षेत्रों में जिले से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न पदाधिकारियों तथा भारत की महामहिम राष्ट्रपति जी द्वारा भी सम्मान प्राप्त है और आज उन्हें भारत स्काउट और गाइड के द्वारा आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी में “राष्ट्रपति गिल्ड सम्मान” से सम्मानित किया गया। जिससे पूरे मुजफ्फरपुर जिले में हर्ष का माहौल है।
इस अवसर पर अंकित ने कहा, “राष्ट्रपति पुरस्कार भारत का सर्वोच्च सम्मान में से एक है जिसपर मुझे गर्व है कि मैं अपने भारत देश के एक सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित हुआ हूं। यह मेरे एक जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रयत्नों को और भी ऊर्जा प्रदान करता है। राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा राष्ट्रपति गिल्ड सम्मान प्रदान करने के लिए मुझे आमंत्रित किया गया जिसके लिए मैं महामहिम भारत की राष्ट्रपति, राष्ट्रीय मुख्यालय, भारत स्काउट और गाइड तथा इस प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी के आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य को हार्दिक धन्यवाद देता हूं।
अंकित ने यह भी कहा कि, इस आयोजन ने भारत के सभी राज्यों को एकता के बंधन में बांधा जिसमें सभी राज्यों के संस्कारों तथा उनके संस्कृतियों को एकसाथ देखने का मौका मिला। मैं भारत स्काउट और गाइड के सभी वरीय पदाधिकारियों साथ ही साथ बिहार राज्य भारत स्काउट और गाइड के सभापति तथा मुख्य राज्य आयुक्त जी को धन्यवाद देता हूं।”











