मुजफ्फरपुर की खुशबू देवी बनीं लखपति दीदी
मच्छरदानी व्यापार से बदल दी अपनी और 62 महिलाओं की तकदीर
-मुजफ्फरपुर की खुशबू देवी बनीं लखपति दीदी,
-मच्छरदानी व्यापार से बदल दी अपनी और 62 महिलाओं की तकदीर
-राष्ट्रीय सेमिनार में साझा की सफलता की कहानी, नीति आयोग ने की सराहना
मुजफ्फरपुर। मड़वन प्रखंड के रूपवरा पंचायत के रसूलपुर गांव की रहने वाली खुशबू देवी आज पूरे देश में “लखपति दीदी” के नाम से चर्चित हो चुकी हैं। साल 2009 में मच्छरदानी बनाने से शुरू हुआ उनका सफर अब न केवल खुद को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना चुका है, बल्कि उन्होंने 62 अन्य महिलाओं को भी रोजगार देकर सशक्त किया है।
खुशबू देवी को 2013 में जीविका के गंगा समूह से जुड़ने का अवसर मिला। इसके बाद जीविका द्वारा संचालित इनक्यूबेशन फंड के सहयोग से उनके व्यापार को नई दिशा मिली। इसी फंड के तहत उन्हें ₹2,67,000 की सहायता मिली, जिससे उन्होंने “प्रतिज्ञा मच्छरदानी महिला उत्पादन केंद्र” की स्थापना की।
आज खुशबू का यह केंद्र प्रतिदिन सैकड़ों मच्छरदानियां बनाकर बाजार में बेचता है, जिससे न केवल उनकी आमदनी बढ़ी है बल्कि अन्य ग्रामीण महिलाओं को भी आय का स्थायी स्रोत मिला है। बिहार में इनक्यूबेशन फंड से लाभान्वित 150 लोगों में खुशबू देवी की कहानी विशेष रूप से प्रेरणादायक है। मुजफ्फरपुर जिले में इस योजना से 10 लाभार्थियों को सहायता मिली है।

खुशबू देवी की सफलता की कहानी को देशभर में पहचान तब मिली जब बुधवार को नीति आयोग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार में उन्होंने अपने अनुभव साझा किए। इस सेमिनार का उद्देश्य ग्राम स्तर पर सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा देना था, जिसमें खुशबू देवी की प्रेरणादायक यात्रा ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
एक साधारण महिला से सफल उद्यमी बनने का उनका यह सफर आज हजारों महिलाओं के लिए मिसाल बन चुका है। खुशबू देवी ने यह साबित कर दिया कि अगर संकल्प मजबूत हो, तो छोटे से गांव से निकलकर भी कोई पूरे देश में पहचान बना सकता है।



