Advertisement

मुजफ्फरपुर: अधूरे एसटीपी नाला निर्माण से मिट्टी धंसी, घरों पर मंडराने लगा खतरा

-मुजफ्फरपुर: अधूरे एसटीपी नाला निर्माण से मिट्टी धंसी, घरों पर मंडराने लगा खतरा

मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।

जिले के मुशहरी प्रखंड अंतर्गत जेल चौक से रोहुआ उच्च विद्यालय तक बुडको द्वारा बनाए जा रहे एसटीपी नाला निर्माण में लापरवाही और अनियमितता का मामला सामने आया है। नाला निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने और जगह-जगह ठीक से मिट्टी नहीं भरे जाने के कारण कई दर्जन स्थानों पर मिट्टी धंस गई है।

भारी वर्षा के चलते अधूरे निर्माण स्थल पर मिट्टी कटाव ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। कटाव बढ़ते-बढ़ते आसपास के घरों की दीवारों तक पहुंच गया है। इससे प्रभावित घरों पर गिरने का खतरा मंडराने लगा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने इस संबंध में बुडको के कनीय अभियंता मोहम्मद रिजवान सहित अन्य अधिकारियों को फोन और व्हाट्सएप के जरिए जानकारी दी है। लेकिन फोन रिसीव नहीं होने और कार्रवाई न होने से लोगों में आक्रोश है।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते मिट्टी भराई और मजबूती का काम नहीं कराया गया, तो किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर समाधान कराने की मांग की है।