Advertisement

मुख्यमंत्री ने बिहार दिवस समारोह 2026 का दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन नीतीश कुमार

–मुख्यमंत्री ने बिहार दिवस समारोह 2026 का दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन नीतीश कुमार

पटना, 22 मार्च 2026 | दीपक कुमार तिवारी।
राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रविवार को बिहार दिवस समारोह 2026 (22 से 24 मार्च) का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं गुब्बारे उड़ाकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
समारोह के दौरान शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बिहार के 114वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस तीन दिवसीय समारोह की थीम ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ रखी गई है।
उद्घाटन से पूर्व मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकासात्मक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से संचालित योजनाओं पर आधारित स्टॉल का भी निरीक्षण किया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदयकांत ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग के पवेलियन का दौरा कर वहां प्रदर्शित विभिन्न नवाचारों का जायजा लिया। उन्होंने दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए संवर्द्धन कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला, कला कक्ष, स्मार्ट क्लास, व्यावसायिक शिक्षा कक्ष, अटल टिंकरिंग लैब, आईसीटी कक्ष, ईको क्लब, बाल संसद, खेल कक्ष, निपुण कक्ष एवं बाल वाटिका जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश, एससी/एसटी कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरीय प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता देखने को मिली, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और गौरव का माहौल बना रहा। तीन दिनों तक चलने वाले इस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम, विकास प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों की उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा।