Advertisement

मुख्यमंत्री ने गंगाजी राजगृह जलाशय व राजगीर का किया निरीक्षण, मलमास मेला-2026 की तैयारियों को लेकर दिए कड़े निर्देश

–मुख्यमंत्री ने गंगाजी राजगृह जलाशय व राजगीर का किया निरीक्षण, मलमास मेला-2026 की तैयारियों को लेकर दिए कड़े निर्देश

पटना/नालंदा/नवादा, 14 फरवरी।
नीतीश कुमार ने शनिवार को राज्य के विभिन्न विकास एवं धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस क्रम में उन्होंने नवादा जिला के नारदीगंज अंचल स्थित मोतनाजे गांव के पास बने गंगाजी राजगृह जलाशय का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने जलाशय परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा, स्वच्छता और जल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि गंगाजी जल आपूर्ति योजना का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन किया जा रहा है तथा सुरक्षा के मद्देनजर जलाशय के चारों ओर लोहे की जाली लगाई गई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि गयाजी, बोधगया, नवादा और राजगीर के लोगों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जाए तथा परिसर को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल रखा जाए।
इसके बाद मुख्यमंत्री राजगीर पहुंचे, जहां उन्होंने गृद्धकूट भवन और नये रोप-वे का निरीक्षण कर पर्यटकीय सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिले, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहें।


मुख्यमंत्री ने आगे राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में मलमास मेला-2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। कुंदन कुमार ने मेला की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मलमास मेला में लाखों श्रद्धालु आते हैं, इसलिए आवासन, पेयजल, स्वच्छता, घाटों की साफ-सफाई, चिकित्सा, यातायात और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी सड़कों की मरम्मत कर आवागमन सुगम बनाया जाए और प्रशिक्षित पुलिस बलों की तैनाती से मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत कई जनप्रतिनिधि और वरीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे से प्रशासनिक तैयारियों में तेजी आई है और मलमास मेला-2026 को सुव्यवस्थित व सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
#मलमासमेला2026 #राजगीर #नीतीशकुमार #बिहारसरकार #गंगाजलआपूर्ति #धार्मिकपर्यटन