-मुख्यमंत्री ने किया पटना की विकास योजनाओं का निरीक्षण, अधिकारियों को दिया कार्य तेजी से पूरा करने का निर्देश
पटना। ब्यूरो।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को पटना शहरी क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकासात्मक एवं निर्माणाधीन योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि लोगों को बेहतर यातायात सुविधा और जलजमाव की समस्या से मुक्ति मिल सके।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पटेल गोलंबर से ईको पार्क के पश्चिमी छोर तक, तथा ईको पार्क के पूर्वी छोर से अटल पथ तक सपैंटाइन नाले पर निर्माणाधीन भूमिगत नाले और उसके ऊपर बन रही 4 लेन सड़क का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि नाले का पक्कीकरण कर उसके ऊपर सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि “भूमिगत नाला और सड़क निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में तेजी से पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में सुविधा हो।”
इसके बाद मुख्यमंत्री ने राजीव नगर भूमिगत नाले पर हो रहे कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण में और तेजी लाएं, ताकि योजनाएं समय पर पूरी हों। उन्होंने कहा कि काम पूरा होने पर जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी और नाले के ऊपर बनने वाली टू-लेन सड़क से लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने आगे मंदिरी नाला पर निर्माणाधीन 4 लेन सड़क तथा जेपी गंगा पथ को जोड़ने वाले संपर्क पथ का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि कार्य तेजी से चल रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पथ निर्माण कार्य बिना देरी के पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा,
“शहर को व्यवस्थित रखने और आवागमन को सुगम बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इन सड़कों के निर्माण से शहरवासियों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होंगे और यातायात व्यवस्था और सुचारू हो सकेगी।”
निरीक्षण के दौरान नगर विकास एवं आवास मंत्री सह पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव अनुपम कुमार, अभय कुमार सिंह, कुमार रवि, संदीप कुमार R. पुदुकलकट्टी, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल आयुक्त अनिमेष परासर, MD शीर्षत कपिल अशोक, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन S.M., नगर आयुक्त यशपाल मीणा, SSP कार्तिकेय के. शर्मा समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।












