-मुख्यमंत्री ने एग्रो बिहार-2024 का किया उद्घाटन
पटना।दीपक तिवारी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना गांधी मैदान में आयोजित 04 दिवसीय राज्यस्तरीय कृषि यांत्रिकरण मेले एग्रो बिहार-2024 का फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने कृषि यांत्रिकरण प्रदर्शनी एवं मेले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न राज्यों से आए कृषि यंत्र निर्माता कंपनी के प्रतिनिधियों ने यंत्र के उपयोग एवं इससे मिलनेवाली सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रदर्शनी में लगाए गए नवीनतम कृषि यंत्र, फसल अवशेष प्रबंधन यंत्र, बागवानी से संबंधित कृषि यंत्र, विभिन्न नर्सरी, आधुनिकतम फसल के बीजों, कृषि विभाग की योजनाओं, क्रियाकलापों आदि के बारे में मुख्यमंत्री ने विस्तृत जानकारी ली।
ज्ञातव्य है कि कृषि विभाग द्वारा 29 नवम्बर से 2 दिसम्बर, 2024 के बीच चार दिवसीय कृषि यांत्रिकरण प्रदर्शनी एवं मेला का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला पूर्वी भारत का सबसे बड़ा यांत्रिकरण मेला है। वर्ष 2011 से हर वर्ष कृषि यांत्रिकरण मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस राज्य-स्तरीय कृषि यांत्रिकरण प्रदर्शनी एवं मेले में 125 से अधिक स्टॉल लगाये गये हैं। इस प्रदर्शनी में बिहार के अलावे दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, आन्ध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल आदि राज्यों के कृषि यंत्र निर्माता भाग ले रहे हैं।

राज्य एवं राज्य के बाहर के वरीय पदाधिकारी, वैज्ञानिक, कृषि विशेषज्ञ एवं कृषि व्यवसाय से जुड़े उद्यमी भी मेले में भाग ले रहे है। प्रतिदिन राज्य के सभी जिलों से 4500 किसानों को सरकारी खर्चे पर मेला भ्रमण की व्यवस्था की गयी है। मेले में प्रत्येक दिन किसान पाठशाला में किसानों को नवीनतम कृषि यंत्र, फसल अवशेष प्रबंधन के यंत्र, बागवानी से संबंधित कृषि यंत्र एवं उनके रख-रखाव के बारे में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कृषि विभाग की योजनाओं एवं क्रियाकलापों के बारे में प्रदर्शनी लगायी गयी है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न लाभुकों के बीच सांकेतिक रुप से कृषि यंत्रों का वितरण किया।
कार्यक्रम के पश्चात् पत्रकारों से बात करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2006 से वे लगातार काम कर रहे हैं। प्रदर्शनी में लगाए गए कृषि यंत्रों और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और क्रियाकलापों के बारे में जो जानकारी दी गई है उसको सभी लोग देखें और समझें।











