Advertisement

मानदेय भुगतान नहीं होने पर अनुरक्षकों का प्रखंड कार्यालय पर हंगामा, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

–मानदेय भुगतान नहीं होने पर अनुरक्षकों का प्रखंड कार्यालय पर हंगामा, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

राजापाकर (राजापाकर) – संजय श्रीवास्तव।
लंबित बकाया मानदेय की मांग को लेकर प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के अनुरक्षकों ने प्रखंड कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित अनुरक्षकों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर से मिलकर जल्द से जल्द बकाया राशि के भुगतान की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 16 फरवरी को भी बीडीओ से मुलाकात कर समस्या रखी गई थी। उस समय 22 फरवरी तक भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन तय समय सीमा बीतने के बाद भी मानदेय का भुगतान नहीं हुआ। मजबूर होकर उन्हें दोबारा प्रदर्शन करना पड़ा।
बीडीओ ने अनुरक्षकों को बताया कि इस संबंध में वैशाली जिला प्रशासन के माध्यम से पंचायती राज विभाग बिहार के प्रधान सचिव को पत्र भेजकर दिशा-निर्देश मांगा गया है। विभाग से निर्देश मिलते ही समस्या का समाधान किया जाएगा और आनाकानी करने वाले पदाधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


ज्ञात हो कि 31 जनवरी को प्रखंड कार्यालय में आयोजित पंचायत समिति की बैठक में विधायक महेंद्र राम, बीडीओ व बीपीआरओ ने 15 दिनों के भीतर मानदेय भुगतान का आश्वासन दिया था। बावजूद इसके भुगतान नहीं होने से अनुरक्षकों में भारी नाराजगी है।
बीडीओ व बीपीआरओ ने सभी पंचायत सचिवों को निर्देश दिया है कि एक सप्ताह के भीतर वार्ड सदस्यों के साथ बैठक कर भुगतान सुनिश्चित करें। भुगतान में लापरवाही बरतने पर वार्ड सदस्यों पर प्राथमिकी दर्ज करने और पंचायत सचिवों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रदर्शन कर रहे अनुरक्षकों ने साफ कहा कि जब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं होगा, वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे और आज से ही पानी आपूर्ति भी बंद रखी जाएगी।
मौके पर अरुण कुमार सिंह, रंजीत राय, दिलीप कुमार सिंह, शर्वेश शर्मा, शिव शंकर ठाकुर, विश्वनाथ साह, हरेंद्र साह, अक्षय कुमार पंकज, मनोज कुमार पासवान, मनीष कुमार, धर्मदेव सिंह, वीर बहादुर सिंह, राम रतन सिंह यादव सहित दर्जनों अनुरक्षक मौजूद थे।