-महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन, 500 से अधिक महिलाओं ने लिया भाग
राजापाकर – संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर हाई स्कूल के प्रांगण में आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम भारत और एक्सिस बैंक फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करना, उनके अधिकारों और न्याय की आवाज़ को मजबूती देना तथा उन्हें सामाजिक-आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधीर रंजन तथा समेकित बाल विकास परियोजना की महिला पर्यवेक्षक रूबी कुमारी, पूनम कुमारी और रीता कुमारी उपस्थित रहीं। इसके अलावा हाई स्कूल की प्रभारी शिक्षिका कुमारी पल्लवी, संगीत शिक्षिका सोनिका दुबे, शिक्षा विभाग से पप्पू कुमार सहित कई शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
इसके बाद हाई स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। वहीं माध्यमिक विद्यालय बेलकुंडा की संगीत शिक्षिका सोनिका दुबे ने अपने मधुर संगीत से कार्यक्रम में समां बांध दिया।
आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम भारत की ओर से प्रीतेश कुमार लाल और भास्कर मित्रा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिलाओं की भूमिका और उनके सशक्तिकरण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने SHG प्लस से जुड़ी महिलाओं को संबोधित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर जल महोत्सव पखवारा का भी आयोजन किया गया। प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सुधीर रंजन ने महिला पंप चालक गणित देवी को बुके और चादर देकर सम्मानित किया, वहीं लगभग छह अनुरक्षकों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राजापाकर प्रखंड की 500 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। इसमें स्वयं सहायता समूह (SHG+) की महिलाएं, महिला उद्यमी, महिला किसान और सामुदायिक नेता शामिल थीं, जो अपने समुदायों में सामाजिक और आर्थिक विकास में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। आयोजन का उद्देश्य कृषि, स्वास्थ्य एवं पोषण, आजीविका, हर घर नल का जल योजना और उद्यम विकास में महिलाओं के नेतृत्व को उजागर करना तथा निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना था।
इस दौरान आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम भारत से जुड़ी समूह सखी और पशु सखी कैडर दीदियों को भी समाज में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम भारत की राजापाकर टीम से अभिषेक आनंद, जितेश कुमार, शफाकुए नाज़, ऋचा गुप्ता, साई स्मृति, अंगद कुमार, विकास कुमार, नवनीत कुमार, विपिन कुमार सिंह, राकेश कुमार, संतोष मिश्रा, मोहम्मद सकीब, राजीव रंजन, कुमारी सविता सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।











