–महाशिवरात्रि पर मतलुपुर के बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ी आस्था की भीड़, दिनभर लगा रहा मेला
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड अंतर्गत मतलुपुर स्थित बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शिवभक्तों की अप्रत्याशित भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई थी। बांस-बल्लों से बैरिकेटिंग कर सुव्यवस्थित प्रवेश और निकास मार्ग बनाया गया, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिली। स्थानीय प्रशासन और आयोजन समिति के सदस्य लगातार व्यवस्था संभालते नजर आए।

मंदिर परिसर के साथ-साथ मेला भी आयोजित किया गया, जहां पूजा सामग्री, खिलौने और खान-पान की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी गई। बच्चों और महिलाओं में मेले को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।
दिनभर जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। महाशिवरात्रि को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।












