–महाशिवरात्रि पर बरियापुर मोहनपुर शिव शक्तिधाम में उमड़ी आस्था की भीड़, अष्टयाम समापन के साथ हुई विशेष पूजा
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक।
मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड स्थित बाबा बुद्धेश्वर नाथ महादेव सह शिव शक्तिधाम बरियापुर मोहनपुर में महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

मंदिर में आयोजित शिव नाम अष्टयाम का विधिवत समापन किया गया। इसके उपरांत संध्या बेला में शिवलिंग की विशेष पूजा-अर्चना और आरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे परिसर में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा।
महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर में मेला भी लगा, जहां लोगों ने पूजा-पाठ के साथ मेले का आनंद उठाया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों और समिति सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। व्यवस्था सुचारू रहने से कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।












